Do you remember the title?

Friday, June 18, 2021

कभी ऐ हक़ीक़त-ए-मुंतज़िर


कभी ऐ हक़ीक़त-ए-मुंतज़िर 
वो ख़्वाब भी लेकर आओ ना
जो कसक हो दिल में कैद कहीं
और मन को मेरे बहलाओ ना।

अंधेरों से की है दोस्ती
अब रौशनी से नहीं वास्ता,
तुम चांद सितारे ले जाकर
आसमान को समझाओ ना।

अफवाह उड़ी है कि दर्द को
इश्क़ कहने से दर्द नहीं होता,
तुम दर्द और इश्क़ में
फर्क क्या है बतलाओ ना।

आंखों के तालाबों में


आंखों के तालाबों में पहरे हो गए
मुखौटे सबके अबके चेहरे हो गए

इतनी रौशनी कि सब अंधे हो गए
इतना सन्नाटा कि सब बहरे हो गए

ऐसे तो बारिश मेरा घर जला देगी
तुम कह दोगे नज़ारे सुनहरे हो गए

मैंने कहा था छोड़ दो इसी हाल पर मुझे
तुमने मरहम लगाया घाव गहरे हो गए

Friday, August 7, 2020

सर्द रात

सर्द रात है मेरे साथी,
सूरज आज देर से निकलेगा।

तू आसमां को यूं न ताक,
तू क्षितिज पे यूं न झांक।
उम्मीद को कलाई में बांधकर,
सितारों को इस तरह न हांक।

सर्द रात है मेरे साथी,
सूरज निकलेगा भी तो कम चमकेगा।

फूल खिलेंगे भी तो मुरझा जाएंगे,
पत्ते निकलेंगे भी तो झड़ जाएंगे।
कोहरे की चादर ओढ़कर,
रोशनी आएगी और चली जाएगी।

सर्द रात है मेरे साथी,
सूरज आज जल्दी डूब जाएगा।

Wednesday, July 29, 2020

अम्बर बरसे

Guest Post by my friend Saurav Pati:


अम्बर बरसे नैन कहीं। 
ग़ालिब तरसे चैन कहीं।।

ग़ज़ल लिखें हजारों कईं।
ज़ालिम मुहब्बत मुकम्मल नहीं।।

क्षण गुज़रे ख़ूब नऐं कईं।
यादों सा जन्नत उनमें नहीं।।

रास्ते मिले केनो साईं।
हमराह तेओ सा केओ नाईं॥


Monday, December 19, 2016

इंतज़ार

waiting
मैं ख़्वाबों की दुनिया से भटकता ख़्यालों की दुनिया तक आया,
पर ज़िन्दगी की जुस्तजू पर न कह पाया, न सह पाया।

कुछ क़द बढ़ा तो क़दम बढ़े,
ख़ुशी न बढ़ी पर ग़म बढ़े,
कुछ दूर चला तो पता चला
कि गिरती सीढ़ियों पर कैसे हम चढ़े।

कुछ आस थी, कुछ प्यास थी,
कुछ आह थी कुछ चाह थी,
कि यूँ तो मंज़िलों से भरा था मंज़र,
पर जिस पर हम चले वो राह थी।

सह गया सब काँटों को,
और ज़ंजीरों को मैं तोड़ आया,
पर कुछ दूर चला तो पता चला,
कि ख़ुद को मैं कहीं पीछे छोड़ आया।

जीत के जश्न में इस हार का इज़हार कर रहा हूँ,
मैं न जाने कब से अपना इंतज़ार कर रहा हूँ।
Creative Commons License
All poems in this blog are written by Asher Ejaz and are licensed under a Creative Commons Attribution 4.0 International License